नगर निगम के अफसरों से मांगी स्मार्ट सिटी की डीपीआर
महानगर को स्मार्ट सिटी बनाए जाने को लेकर काम शुरू हो गया है। लखनऊ में स्मार्ट सिटी को लेकर शनिवार को हुई बैठक में नगर निगम गोरखपुर के अफसरों से जल्द डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) देने को कहा गया। बताया गया कि प्रस्तावित स्मार्ट सिटी को पहले से चयनित स्मार्ट सिटी से लिंक किया जाएगा। गोरखपुर भी प्रस्तावित स्मार्ट सिटी में शामिल है, जिसे बनाने का जिम्मा प्रदेश सरकार ने लिया है।
इसके बाद से शासन ने तय किया है कि लिंक हुए स्मार्ट सिटी की हर बैठक में प्रस्तावित स्मार्ट सिटी के जिम्मेदार अफसर शामिल होंगे। इससे उन्हें स्मार्ट सिटी पर काम करने में मदद मिलेगी। नगर विकास सचिव ने बैठक में पहले से चयनित 10 स्मार्ट सिटी और प्रस्तावित सात स्मार्ट सिटी के अफसरों के साथ बैठक की। बारी-बारी से स्मार्ट सिटी से जुड़े अफसरों ने बजट, काम, सुविधाओं आदि के बारे में प्रेजेंटेशन दिया।
नगर निगम गोरखपुर के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने बताया कि बैठक में पहले से चयनित स्मार्ट सिटी के साथ प्रस्तावित स्मार्ट सिटी को लिंक करने का निर्णय लिया गया। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि गोरखपुर को किस स्मार्ट सिटी से लिंक किया जाएगा। स्मार्ट सिटी में एक स्मार्ट सड़क बनाई जाएगी। बाजार में बनाई गई सड़क पर पार्किंग, डिवाइडर, पैदल चलने के लिए जगह समेत अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।